Close

    प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) का बयान: परमाणु ऊर्जा विभाग ‘विशेष अभियान 6’ (Special Campaign 6) को लेकर पूरे जोश और उत्साह के साथ तैयारी कर रहा है।

    Publish Date : September 18, 2026

    परमाणु ऊर्जा विभाग (पऊवि) ने दिसंबर 2025 से प्रारंभ किए गए विशेष अभियान 4.0 के अनुक्रम में विशेष अभियान 5.0 की अगली कड़ी (सीक्‍वल) के अपने प्रयासों के माध्यम से विशेष अभियान की भावना को बनाए रखा है। विभाग की सभी संघटक इकाइयाँ/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/सहायता प्राप्त संस्थाएं विशेष अभियान की अगली कड़ी की दिशा में कार्य करती रही हैं।

    विशेष अभियान 5.0 की अगली कड़ी के दौरान दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 तक परमाणु ऊर्जा विभाग द्वारा 92 स्वच्छता अभियान संचालित किए गए, 82,901 फाइलों की समीक्षा की गई तथा 82,002 फाइलों को छांट कर हटाया गया । इस अवधि के दौरान विभाग ने 1,226 लोक शिकायतों तथा 159 लोक शिकायत अपीलों का भी निपटान किया। अनुपयोगी सामग्री (स्‍क्रैप) के निपटान से 4 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया और लगभग 8,882 वर्ग फुट स्‍थान को खाली कराया गया ।

    अब, परमाणु ऊर्जा विभाग विशेष अभियान 6 की तैयारी कर रहा है और इसके प्रति तत्‍पर है। विभाग ने अपनी सभी संघटक इकाइयों/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों/सहायता प्राप्त संस्थानों को निदेश दिया है कि वे विशेष अभियान 6 में सक्रिय रूप से भाग लें, सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार करें तथा ‘सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों’ के संबंध में नवोन्मेषी विचार अपनाएं।

    अभियान के प्रारंभ‍िक (तैयारी) चरण के लिए 15 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विभाग ने अपनी संघटक इकाइयों/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों/सहायता प्राप्त संस्थानों को ऐसे लक्ष्य निर्धारित करने के अनुदेश जारी किए हैं, जिन्‍हें 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक के कार्यान्वयन चरण के दौरान प्राप्त किया जा सके।

    विभाग विशेष अभियान 6 को व्‍यापक रूप से सफल बनाने के लिए पूरी तत्‍परता से प्रयास करेगा।